एवरेस्ट मिशन की ट्रेनिंग के लिए आई थी देहरादून
आरोपी महिला की ही यूनिट का हेड कांस्टेबल
देहरादून। देहरादून में सामने आई एक शर्मनाक में बीएसएफ की महिला जवान के साथ छेड़छाड़ हुई है। महिला जवान देहरादून के डोईवाला में एवरेस्ट मिशन की ट्रेनिंग के लिए आई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला की ही यूनिट का हेड कांस्टेबल है।
पुलिस के अनुसार बीएसएफ का डोईवाला में ट्रेनिंग सेंटर है। यहां एवरेस्ट मिशन की ट्रेनिंग के लिए एक उड़ीसा निवासी महिला जवान आई हुई थी। महिला जवान रविवार रात को देहरादून पहुंची। जब रात में उसे कोई साधन डोईवाला जाने के लिए नहीं मिला तो उसने अपनी ही यूनिट के देहरादून निवासी हेड कांस्टेबल एस सिंह को फोन किया। एस सिंह इन दिनों दून में छुट्टी पर आया हुआ था। आरोप है कि एस सिंह मदद के बहाने रेलवे स्टेशन पहुंचा। वह उसे डोईवाला छोडऩे के बजाय राजपुर रोड के होटल में ले आया।
आरोपी हेड कांस्टेबल ने महिला जवान को कहा कि डोईवाला दूर है। बीच में जंगल का रास्ता रात में जाना ठीक नहीं। महिला कांस्टेबल उसकी बातों में आ गई। दोनों ने होटल में कमरा ले लिया। आरोप है कि रात में आरोपी ने महिला जवान से छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला कांस्टेबल ने इसका विरोध किया। उसने मदद के लिए पुलिस को फोन करना चाहा तो आरोपी ने उसका फोन छीन लिया और उससे छेड़छाड़ की।
महिला जवान रातभर मदद के लिए प्रयास करती रही पर मदद नहीं मिली। सुबह उसे होटल के रूम में एक इमरजेंसी बटन दिखाई दिया। पीडि़ता ने उसे दबाया तो होटल का स्टाफ मदद के लिए पहुंचा। इस बीच आरोपी हेड कांस्टेबल वहां से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीडि़त महिला जवान को वहां से निकाला। पीडि़ता का मेडिकल कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना पर बीएसएफ के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
