कालीनगर में सात दिवसीय आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग शुरू
रुद्रपुर। कालीनगर के संस्कार पब्लिक स्कूल में आयोजित सात दिवसीय एकल विद्यालय अभियान आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार ठुकराल एवं एकल स्कूल अभियान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरनाथ जोशी, उप संंभाग अध्यक्ष दिनेश भारद्वाज एवं अतुल पांडेय ने दीप प्रज्जवलित कर किया। अभ्यास वर्ग में विभिन्न एकल विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया। विधायक ठुकराल ने कहा कि गांव-गांव शिक्षा की अलख जगाने हेतु देश के एक लाख से भी अधिक गांवों में एकल विद्यालय अभियान से शिक्षा का उजियारा फैल रहा है। वर्तमान में मात्र उत्तराखंड में 1350 गांवों में एकल विद्यालय संचालित किये जा रहे हैं जहां शिक्षा से वंचित लाखों लोग शिक्षा ग्रहण कर समाज की मुख्यधारा में समाहित हो रहे हैं। विधायक ठुकराल ने कहा की एकल विद्यालय अभियान स्वयंसिद्धि की एक ऐसी परिकल्पना है जो कि व्यक्तित्व निर्माण में मील का पत्थर साबित हो चुकी है। मुख्य वक्ता के तौर पर एकल स्कूल अभियान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरनाथ जोशी ने कहा कि झारखंड से प्रारंभ हुआ एकल विद्यालय अभियान आज संपूर्ण भारत वर्ष में गांव-गांव पहुंच कर शिक्षा की अलख जगा रहा है। एकल विद्यालय में कोई भी किसी भी उम्र का व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के पंचमुखी शिक्षा मुफ्त पा सकता है। देश में लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन उत्तम सरकार ने किया। इस दौरान हिमांशु सरकार, नारायण चंद्र शाह, लालचंद प्रजापति, कुलवीर सिंह, शीला मौर्या, मनीषा बिष्ट, सुमन अधिकारी, विश्वजीत, संजय शाह, अमल विश्वास, विधायक प्रतिनिधि राजेश ग्रोवर, सुनीता देवी, शिप्रा देवी सहित आचार्य गण उपस्थित थे।
